वक्फ बिल पर रविशंकर प्रसाद का तीखा बयान, राहुल-प्रियंका पर कसा तंज

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। दिल्ली से पटना लौटने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने वक्फ संशोधन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पूरी तरह “कानूनी और संवैधानिक” करार दिया। उन्होंने कहा कि यह कानून समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखकर लाया गया है और इसका उद्देश्य पारदर्शिता और गरीबों के हितों की रक्षा करना है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने कहा, “यह कानून वैध है, और अगर किसी को आपत्ति है तो वे सुप्रीम कोर्ट जाएं। वहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगेगी।” उन्होंने सवाल उठाया कि “जिन संपत्तियों पर अब तक बहुमंजिला इमारतें खड़ी की गईं, उनसे आम जनता को क्या लाभ मिला? क्या गरीबों को कोई फायदा हुआ?” रविशंकर प्रसाद ने साफ कहा कि यह कानून वक्फ संपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित करेगा ताकि आम लोगों को उसका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने इसे एक बड़ा सुधार बताया।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर करारा हमला

राहुल गांधी के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जिसमें उन्होंने दावा किया था कि अब बीजेपी ईसाई समुदाय की संपत्तियों पर भी हमला करेगी, रविशंकर प्रसाद ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, पहले राहुल गांधी ये बताएं कि वे संसद में कहां थे? जब वक्फ विधेयक पर चर्चा हो रही थी तो न राहुल दिखाई दिए, न प्रियंका। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग संसद में जिम्मेदारी नहीं निभा पाते, वे बाहर आकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी बिना तथ्यों के डर फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया वक्फ संशोधन बिल किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही लाना है।

Share This Article