सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की महिलाएं अब भीषण गर्मी में भी बिना चिंता काम कर सकेंगी। राज्य सरकार और सेवा संगठन (Self Employed Women’s Association – SEWA) ने मिलकर एक नई योजना की शुरुआत की है, जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर असंगठित क्षेत्र की कामकाजी महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इस योजना के तहत 40 डिग्री या उससे अधिक तापमान वाले प्रत्येक दिन महिलाओं को ₹300 की राहत राशि उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। इस बीमा स्कीम को “हीटवेव इंश्योरेंस” नाम दिया गया है और यह पूरी तरह से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। यह योजना घरेलू कामगारों, खेती और पशुपालन से जुड़ी महिलाओं, सिलाई-बुनाई और अन्य असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं के लिए शुरू की गई है। शुरुआत में यह स्कीम बिहार के 8 जिलों — पटना, गया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, कटिहार, पूर्णिया और सीवान — में लागू की जा रही है।
इस योजना के तहत हर जिले में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाले दिनों की अलग-अलग गणना की जाएगी। इसका लाभ लेने के लिए महिलाओं को पहले सेवा (SEWA) संगठन की सदस्यता लेनी होगी। बीमा के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता संख्या और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है। यह बीमा अप्रैल से सितंबर तक की अवधि के लिए मान्य रहेगा और सहायता राशि का भुगतान ICICI बैंक के माध्यम से सीधे लाभार्थी महिलाओं के खाते में किया जाएगा।
इस बीमा योजना की पहल अहमदाबाद स्थित ट्रेड यूनियन संगठन SEWA द्वारा की गई है, जिसकी संस्थापक प्रसिद्ध गांधीवादी इला भट्ट थीं। इस परियोजना को अंतरराष्ट्रीय संस्था Climate Resilience for All (CRA) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इससे पहले राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में इस बीमा योजना का पायलट प्रोजेक्ट चलाया गया था, जहां महिलाओं को ₹1600 से ₹2000 तक की सहायता राशि मिली थी। अब बिहार के साथ उत्तर प्रदेश, असम और जम्मू-कश्मीर में भी इसका विस्तार किया गया है। हर जिले में SEWA का स्थानीय कार्यालय स्थापित किया गया है। पटना में इसका कार्यालय अटल पार्क, पाटलिपुत्र गोलंबर के पास फ्लैट नंबर 30 में स्थित है। यहीं पर महिलाएं जाकर सदस्यता ले सकती हैं और बीमा की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।
इस योजना का उद्देश्य बिहार की 1.5 लाख असंगठित महिला कामगारों को इससे जोड़ना है ताकि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से उन्हें आर्थिक सुरक्षा दी जा सके।