बिहटा एयरपोर्ट का नाम स्वामी सहजानंद सरस्वती के नाम पर रखने की मांग तेज

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान परबत्ता के विधायक डॉ. संजीव कुमार ने बिहटा में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का नामकरण महान किसान नेता और स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती के नाम पर करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि स्वामी सहजानंद ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था। उनका आश्रम और प्रमुख कार्यक्षेत्र पटना जिले का बिहटा ही रहा, जहां से उन्होंने किसान आंदोलन को मजबूत किया था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विधायक डॉ. संजीव कुमार ने सदन में अपने संबोधन के दौरान कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी योद्धा रहे हैं। उन्होंने किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सतत संघर्ष किया और पटना के समीप बिहटा में सीताराम आश्रम की स्थापना की, जो किसान आंदोलन का प्रमुख केंद्र बना। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वामी जी के सामाजिक योगदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को सम्मान देते हुए एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखना चाहिए।

प्रेस को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती केवल एक धार्मिक संत नहीं थे, बल्कि वे किसानों और मजदूरों के सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उनकी विरासत को जीवंत रखने के लिए बिहटा एयरपोर्ट को उनके नाम पर किया जाना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस ऐतिहासिक मांग को स्वीकार करेगी और जल्द ही इस पर निर्णय लेगी।

Share This Article