पटना में एलपीजी की किल्लत को लेकर मची अफरातफरी के बीच जिलाधिकारी (DM) डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए वितरण के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं।

जिलाधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। भीड़ और किल्लत की खबरें महज अफवाह हैं। उन्होंने लोगों से ‘पैनिक बुकिंग’ न करने का आग्रह किया है ताकि सप्लाई चेन पर बेवजह दबाव न बने। वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने रिफिलिंग के बीच एक निश्चित अंतराल तय किया है। पहली बुकिंग के 25 दिनों बाद ही दूसरी बुकिंग की जा सकेगी। यदि किसी के पास दो सिलेंडर हैं, तो दूसरे की बुकिंग 30 दिनों के अंतराल पर होगी। जाननकारी के लिए बता दें कि यहाँ उपभोक्ताओं के लिए 30 दिनों का अंतराल अनिवार्य किया गया है।

कालाबाजारी रोकने के कड़े इंतजाम;
मजिस्ट्रेट की तैनाती: पटना की सभी 188 गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
पुलिस की निगरानी: भीड़भाड़ वाली एजेंसियों पर तुरंत पुलिस बल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सख्त कार्रवाई: दानापुर और फुलवारी शरीफ जैसे इलाकों में पहले ही छापेमारी और कार्रवाई की जा चुकी है।

प्राथमिकता और वैकल्पिक सुविधाएं;
अस्पताल, कॉलेज और अन्य आवश्यक सेवाओं वाले संस्थानों को बिना रुकावट गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। तकनीकी समस्या या आपात स्थिति में एजेंसियों को ऑफलाइन बुकिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं। गौरतलब है कि जिलाधिकारी ने पटनावासियों को भरोसा दिलाया है कि स्टॉक पर्याप्त है। किसी भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और अपनी बारी का इंतजार करें।