सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के लखीसराय में आरजेडी ने पहलगाम नरसंहार के विरोध में कैंडल मार्च निकाला था, लेकिन कैंडल मार्च के दौरान राजद के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया में तेज़ी से वायरल हो रहा है और राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं से कुछ बोलते नहीं बन रहा। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इसका बचाव कैसे करें। इस वायरल वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि कैंडल मार्च के बाद सबसे पहले एक नेता पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगाता है, उसके बाद उसमें मौजूद एक नेता को छोड़कर बाकी सारे नेता-कार्यकर्ता पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगाने लगते हैं।
यह देखकर वहां मौजूद वह नेता जो नारे नहीं लगा रहा होता है, वह चौंक जाता है और अपने हाथ से इशारा करने की कोशिश भी करता है कि ऐसे नारे मत लगाओ, लेकिन कोई उसकी बात नहीं सुनता और सारे आरेजडी कार्यकर्ता पाकिस्तान ज़िंदाबाद के नारे लगाने लगते हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना से पूरा देश दुखी है। इस हमले को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में आक्रोश प्रदर्शन किए जा रहे हैं। पहलगाम की घटना को बिहार के लखीसराय में भी राष्ट्रीय जनता दल ने शनिवार की शाम को कैंडल मार्च निकाला था। अब इस मार्च में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने की बात कही जा रही है। राजद जिलाध्यक्ष कालीचरण चरण दास का कहना है कि अति उत्साह में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
सूर्यगढ़ा में राजद ने शनिवार की शाम को कैंडल मार्च निकाला था। इस दौरान जिलाध्यक्ष सहित जिला स्तर के सभी नेता कार्यकर्ता शामिल हुए थे। सूर्यगढ़ा में आयोजित राजद के कैंडल मार्च में भाकपा भी शामिल हुआ था। इसमें पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए थे। उसके साथ राजद के नेताओं ने भी नारा लगाया। लखीसराय के एसपी अजय कुमार ने कहा है कि मैंने भी वीडियो देखा है। इसकी जांच का आदेश दिया गया है। इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा। हालांकि, सिटी पोस्ट लाइव इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन सोशल मीडिया में यह तेज़ी से वायरल है।