सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय: राष्ट्रीय जनता दल के कद्दावर नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने अपनी पार्टी की तरफ़ से बिहार के सीएम नीतीश कुमार को साथ आने का निमंत्रण दिया है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार का महागठबंधन में स्वागत है।
हालांकि, भाई वीरेंद्र ने स्पष्ट शब्दों में यह एलान भी कर दिया है कि यदि नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन के साथ भी आते हैं तो वर्ष 2025 विधानसभा चुनाव के बाद वे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव की ताजपोशी पहले ही कर दी है। अपने एक दिवसीय दौरे पर भाई वीरेंद्र बेगूसराय पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रेस को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि अब नीतीश कुमार की उम्र अधिक हो गई है। वह तेजस्वी को आशीर्वाद देकर चले जाएंगे। दूसरी ओर उन्होंने नीतीश को एनडीए छोड़ने एवं इंडिया गठबंधन के साथ आने का न्योता देते हुए कहा कि नीतीश कुमार शुरू से ही समाजवादी नेता रहे हैं और यदि एनडीए गठबंधन में वह अपने आप को असहज महसूस कर रहे हैं तो इंडिया गठबंधन के दरवाजे उनके लिए सदैव खुले हुए हैं, क्योंकि राजनीति में कोई स्थाई दोस्त या दुश्मन नहीं होता। परिस्थितियों के साथ समझौता किया जाता है।
उन्होंने बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठी चार्ज पर कहा कि बीपीएससी परीक्षार्थियों के साथ मारपीट की घटना काफी नींदनीय है और हमारे नेता तेजस्वी यादव ने पूर्व में ही एलान कर दिया है कि यदि गलत तरीके से ली गई परीक्षा रद्द नहीं की जाती, तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।