नालंदा में गरजे सहनी, जिसके पास वोट वही राजा. 

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी लगातार अपने निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा पर हैं.शनिवार को मुकेश सहनी अपनी निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा लेकर  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा पहुंचे. नालंदा में नगरनौसा से  संकल्प यात्रा की शुरुआत करते हुए सहनी ने  आने वाली पीढ़ी  के उज्जवल भविष्य के लिए पढ़ाने तथा अधिकारों के लिए संघर्ष करने का हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प दिलवाया.

 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुकेश सहनी ने  लोगों को संबोधित करते हुए  सभी दलों को साफ संदेश दिया कि उन्हें किसी भी राजनीतिक दल से कोई दुश्मनी नहीं है. वे सिर्फ निषादों के आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह चुनौती भी दे दी कि वह ये अधिकार लेकर रहेंगे. उन्होंने साफ लहजे में कहा कि अब वह समय चला गया जब राजा के घर में ही राजा पैदा होता था, अब जिसके पास वोट है, वही लोकतंत्र में राजा है.मुकेश सहनी ने उपस्थित लोगों में उत्साह भरते हुए कहा कि अगर हम एकजुट रहे तो बिहार क्या दिल्ली भी हमारे लिए दूर नहीं है. मुकेश सहनी की यात्रा नगरनौसा से बडीहा, गौरैयापुर, केसैरा, बनगच्छा, तेलमर,  चिरैयापर नरसंडा, आमर, मोकिमपुर, हरनौत, किचनी, पोवारी होते हुए साकसोहरा पहुंची. इस दौरान सभी स्थानों पर मुकेश सहनी का स्वागत किया गया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज सभी संघर्ष का संकल्प ले रहे है और यही संकल्प निषादों के उज्जवल भविष्य को तय करेगा.

 

मुकेश सहनी ने लोगों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि आज पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में निषादों को आरक्षण मिल रहा है लेकिन बिहार, यूपी, झारखंड को अब भी यह अधिकार नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि आज केंद्र में बैठी सरकार गलतफहमी में है कि फिर से निषादों का वोट खरीद लेंगे, लेकिन अब निषाद संकल्प लेकर तय कर लिया है जो उनकी सुनेगा वे भी उन्हीं की सुनेंगे, जो हमारी नहीं सुनेगा, उसकी हम भी नहीं सुनेंगे.

Share This Article