सिटी पोस्ट लाइव
राजनीति में उतरने के बाद पूर्व चर्चित आईपीएस अधिकारी और हिन्द सेना प्रमुख शिवदीप लांडे ने बिहार में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रविवार को अपने दो दिवसीय दौरे के तहत मुंगेर पहुँचे लांडे ने स्पष्ट किया कि हिन्द सेना राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेगी।“60 लाख शिक्षित युवा बेरोजगार, यह कैसा विकास?” जन संवाद कार्यक्रम के दौरान लांडे ने कहा:“बिहार में 60 लाख से अधिक पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार हैं, उनके पास ना नौकरी है, ना व्यापार के अवसर। यहां न तो इंडस्ट्री है, न निजी नौकरियों के लिए माहौल। यह एक गंभीर और शर्मनाक स्थिति है।”
प्रतिमा पर माल्यार्पण और पदयात्रा लांडे ने अपने दौरे की शुरुआत हवेली खड़गपुर प्रखंड स्थित नंदलाल बसु चौक से की, जहां उन्होंने नंदलाल बसु और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अंबेडकर चौक से खड़गपुर हाट बाजार तक पदयात्रा करते हुए माड़वारी टोला के एक होटल में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया।‘बिहार मेरी कर्मभूमि है’ लांडे ने भावुक होते हुए कहा: “भले ही मेरा जन्म बिहार में नहीं हुआ, लेकिन यह भूमि मेरी कर्मभूमि रही है। मैं यहां की सेवा के लिए सड़क पर हूं। जाति नहीं, योग्यता और नीति मेरी राजनीति का आधार है।”
युवाओं में दिखा जोश भीषण गर्मी के बावजूद जनसभा में युवाओं की भारी भीड़ और जोश देखने को मिला। युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर शिवदीप लांडे से उम्मीदें जताईं।
हिन्द सेना से बढ़ रहा जन जुड़ाव शिवदीप लांडे ने दावा किया कि राज्यभर से हजारों लोग हिन्द सेना से जुड़ना चाह रहे हैं। “हमें हर वर्ग और हर जाति का प्यार मिल रहा है। यह हमारे लिए जिम्मेदारी है कि हम बिहार को बदलाव का रास्ता दिखाएं।”