सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान और आतंकवादियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है और हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। “जब सिंदूर बारूद में बदलता है…” प्रधानमंत्री ने गर्जना करते हुए कहा, “मोदी का दिमाग ठंडा है, लेकिन खून गर्म है… मेरी रगों में सिंदूर बहता है। जब वही सिंदूर बारूद बनता है, तो दुश्मनों के होश उड़ जाते हैं।” उन्होंने बताया कि हालिया सैन्य कार्रवाई के तहत महज 22 मिनट में आतंकियों के 9 ठिकाने तबाह कर दिए गए।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर देशवासियों और अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीन स्पष्ट संदेश दिए कि हर आतंकी हमले का अब कठोर जवाब मिलेगा, भारत परमाणु बम की धमकियों से डरने वाला नहीं है, और पाकिस्तान के सरकारी और गैर-सरकारी तत्वों को अब एक ही नजर से देखा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सेनाओं को पूरी छूट दी गई थी, और उन्होंने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। उन्होंने इस कार्रवाई को “न्याय का नया रूप” बताया और कहा कि अब पाकिस्तान से न तो कोई व्यापार होगा, न कोई बातचीत।
पहलगाम की घटना ने पूरे देश को झकझोरा पीएम मोदी ने याद किया कि कैसे 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर महिलाओं को निशाना बनाया और बहनों के सिंदूर को मिटाने की कोशिश की। “वे गोलियां पहलगाम में चलीं, लेकिन दर्द पूरे देश ने महसूस किया। 140 करोड़ देशवासी उस पल एक हो गए।” प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमला देश के आत्मसम्मान पर था, और अब भारत का हर नागरिक आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।