सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के फैंस के लिए एक मिली-जुली खबर सामने आ रही है। टीम के नियमित कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पैट कमिंस बैक इंजरी (पीठ की चोट) के कारण IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर हो सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। हालांकि फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन ईशान की हालिया फॉर्म और घरेलू क्रिकेट में उनके नेतृत्व क्षमता को देखते हुए, उन्हें जिम्मेदारी मिलना लगभग तय लग रहा है।

कमिंस की चोट का क्या है अपडेट?
कमिंस को यह चोट एशेज सीरीज 2025-26 से ठीक पहले लगी थी। हालांकि उन्होंने वापसी की कोशिश की और एक टेस्ट मैच खेला, लेकिन दर्द उभरने के कारण उन्हें फिर से बाहर होना पड़ा। फिलहाल उनके मैदान पर लौटने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं है, जिससे फ्रेंचाइजी की चिंता बढ़ गई है।

क्यों ईशान किशन हैं कप्तानी की पहली पसंद?
भले ही टीम में अभिषेक शर्मा जैसे विकल्प मौजूद हों, लेकिन ईशान किशन का हालिया ‘कैप्टेंसी रिकॉर्ड’ उन्हें इस रेस में सबसे आगे रखता है। उन्होंने हाल ही में अपनी कप्तानी में झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई है। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 197.33 की स्ट्राइक रेट से रिकॉर्ड 517 रन बनाए। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज में उन्होंने कुल 532 रन ठोककर फॉर्म में वापसी का बिगुल फूंका है। वर्ल्ड कप जीत में उनका 207 का स्ट्राइक रेट बेमिसाल रहा।

बैटिंग ऑर्डर;
अटकलें लगाई जा रही थीं कि ईशान के आने से ओपनिंग कॉम्बिनेशन बदलेगा, लेकिन इसकी संभावना कम है। ईशान ने टीम इंडिया के लिए नंबर-3 पर खेलते हुए खुद को साबित किया है। ऐसे में SRH अपनी सुपरहिट ओपनिंग जोड़ी (अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड) को बरकरार रख सकती है, जबकि ईशान मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे।

कमिंस के बिना बॉलिंग का तालमेल;
ईशान के लिए सबसे बड़ा चैलेंज कप्तानी से ज्यादा गेंदबाजी यूनिट को मैनेज करना होगा। पैट कमिंस न केवल एक स्ट्राइक गेंदबाज हैं, बल्कि एक चतुर रणनीतिकार भी हैं। उनकी कमी मैदान पर खलेगी, और ऐसे में ईशान को दबाव में गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना होगा।