18 साल बाद ट्रॉफी मिली, और उसी दिन 11 जानें गईं
सिटी पोस्ट लाइव
IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक जीत का जश्न एक बड़ी त्रासदी में तब्दील हो गया। बुधवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भारी भीड़ और भगदड़ के चलते 11 लोगों की मौत हो गई और 45 से अधिक लोग घायल हो गए। RCB ने 18 साल बाद अपना पहला IPL खिताब जीता और मंगलवार को पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए बेंगलुरु में एक खुली बस परेड का आयोजन किया गया था, जिसमें लाखों फैंस अपने चहेते खिलाड़ियों को देखने के लिए उमड़ पड़े।
हालांकि, भीड़ पर नियंत्रण न होने के कारण हालात बेकाबू हो गए और अफरा-तफरी मच गई। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग दो लाख लोग स्टेडियम के बाहर जमा हो गए थे। पुलिस की तैयारी नाकाफी साबित हुई और इससे भारी भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना पर विराट कोहली ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं पूरी तरह से दुखी हूं।” कोहली ने RCB के उस आधिकारिक बयान को साझा किया जिसमें हादसे पर गहरा दुख जताया गया था। RCB ने कहा, “हम इस दुखद घटना से बेहद दुखी हैं और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हमने स्थिति को देखते हुए अपने कार्यक्रम में तुरंत बदलाव किया और प्रशासन के निर्देशों का पालन किया।”
भारतीय क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर ने भी इस हादसे पर गहरी संवेदना जताते हुए लिखा, “बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में जो कुछ हुआ, वह बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”
वहीं, पूर्व कप्तान और स्पिनर अनिल कुंबले ने भी ट्वीट किया, “यह क्रिकेट के लिए एक दुखद दिन है। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख का मुआवजा देगी और सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा।