सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना में डोमिसाइल नीति (स्थानीय निवास आधारित आरक्षण) लागू करने की मांग को लेकर छात्रों का महाआंदोलन तेज़ हो गया है। भारी बारिश के बीच भी हज़ारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और पटना कॉलेज से लेकर डाकबंगला चौराहा तक प्रदर्शन किया।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि छात्रों की मांग है कि सरकारी नौकरियों में 90% आरक्षण सिर्फ बिहार के डोमिसाइल उम्मीदवारों को दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्थानीय युवाओं के साथ अन्याय कर रही है और बाहरी राज्यों के उम्मीदवार बड़ी संख्या में बिहार की नौकरियों में प्रवेश कर रहे हैं।
प्रदर्शन जैसे ही डाकबंगला चौराहा पहुंचा, वहां पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रशासन की सूझबूझ से मामला फिलहाल शांतिपूर्ण बना हुआ है।
छात्रों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार सरकार से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करें और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने वाली नीति लागू करें। राजधानी की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित है और सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। प्रशासन और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।