सिटी पोस्ट लाइव
राजद के वरिष्ठ नेता तेजप्रताप यादव ने पार्टी और घर से निष्कासित किए जाने के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात कही है। उन्होंने एक भावुक पोस्ट में अपने माता-पिता के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान व्यक्त किया है।
तेजप्रताप ने लिखा, “मेरे प्यारे मम्मी-पापा… मेरी सारी दुनिया बस आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर है आप और आपका दिया कोई भी आदेश। आप हैं तो मेरे पास सबकुछ है। मुझे सिर्फ आपका विश्वास और प्यार चाहिए, ना कि कुछ और। पापा, अगर आप नहीं होते तो न तो यह पार्टी होती और न ही मेरे साथ राजनीति करने वाले कुछ जयचंद जैसे लालची लोग। बस मम्मी-पापा, आप दोनों स्वस्थ और खुश रहें हमेशा।”
इस पोस्ट के माध्यम से तेजप्रताप यादव ने साफ कर दिया है कि वे अपने परिवार के बिना न कुछ हैं और न ही उनका राजनीतिक सफर संभव है। तेजप्रताप यादव का छोटे भाई तेजस्वी के लिए भी समर्थन तेजप्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के लिए भी एक संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने उन लोगों को चेतावनी दी जो उन्हें अलग करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे अर्जुन से मुझे अलग करने का सपना देखने वाले, तुम कभी अपनी साजिशों में सफल नहीं हो सकोगे। कृष्ण की सेना तो तुम ले सकते हो लेकिन खुद कृष्ण को नहीं। हर साजिश को जल्द बेनकाब करूंगा। मेरे भाई भरोसा रखना, मैं हर परिस्थिति में तुम्हारे साथ हूँ। फिलहाल दूर हूँ लेकिन मेरा आशीर्वाद हमेशा तुम्हारे साथ था और रहेगा। मम्मी-पापा का ख्याल रखना, जयचंद हर जगह है, अंदर भी और बाहर भी।”