पटना में बुधवार को महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर बिहार में उनकी सरकार बनी तो जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा। साथ ही उनकी सैलरी 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपए की जाएगी। उन्होंने ‘MAA योजना’ (M–मकान, A–अन्न, A–आमदनी) और ‘BETI योजना’ (B–बेनीफिट, E–एजुकेशन, T–ट्रेनिंग, I–इनकम) लॉन्च करने का भी वादा किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के सभी संविदा कर्मियों को स्थायी करने की घोषणा कर दी।
तेजस्वी ने बुधवार को जीविका दीदियों को लेकर ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर सभी सीएम जीविका दीदियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा और उनका वेतन 10 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाएगा। आगे कहा कि जीविका दीदियों के कर्ज पर लगने वाला ब्याज माफ किया जाएगा और उन्हें दो साल तक ब्याज मुक्त ऋण के साथ हर महीने 2 हजार रुपए का अतिरिक्त भत्ता भी मिलेगा।
दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने संविदा कर्मियों और बेरोजगार युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए। कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर प्रदेश के सभी संविदा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा। तेजस्वी ने कहा कि संविदा कर्मचारियों से हर महीने 18% जीएसटी काटा जाता है, महिलाओं को छुट्टी नहीं मिलती और बिना कारण सेवा समाप्त कर दी जाती है—ऐसे शोषण को खत्म किया जाएगा। इसके अलावा बिहार के हर घर में नौकरी देने का वादा भी दोहराया। ये भी कहा कि सरकार बनते ही 20 दिन में नया अधिनियम बनाया जाएगा और 20 महीने के भीतर ऐसा कोई घर नहीं बचेगा, जहां सरकारी नौकरी न हो। उन्होंने कहा, “अब बिहार में नौकरी का नवजागरण होगा। NDA ने 20 साल में असुरक्षा और बेरोजगारी दी, हम हर घर में नौकरी देंगे और बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे।”