तेजस्वी ने सोनिया-राहुल से की कन्हैया की शिकायत, कांग्रेस बुला सकती है दिल्ली

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कन्हैया कुमार को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी से शिकायत की है। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी ने पटना एयरपोर्ट पर लगे नारे – “बिहार का सीएम कैसा हो, कन्हैया कुमार जैसा हो” – का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने सीधे तौर पर तो कुछ नहीं कहा, लेकिन संकेतों में यह जता दिया कि कांग्रेस को तय करना होगा कि वह बिहार में कन्हैया को आगे बढ़ाएगी या फिर राजद के साथ अपने रिश्ते को प्राथमिकता देगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

ऐसा कहा जा रहा है कि कन्हैया अब तक बिहार कांग्रेस में पूरी तरह सक्रिय नहीं थे क्योंकि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव उन्हें तेजस्वी यादव के लिए संभावित चुनौती के रूप में देखते रहे हैं। यह नाराजगी तब भी दिखी जब तेजस्वी ने एक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया क्योंकि उसमें कन्हैया भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस मुद्दे पर दो गुटों में बंटी हुई है। एक गुट बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह और उन नेताओं का है जो राजद के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं।

दूसरा गुट बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, कन्हैया कुमार और सांसद पप्पू यादव का है। पप्पू यादव खुले तौर पर कन्हैया का समर्थन कर रहे हैं और उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि “हवा और तूफान को कोई नहीं रोक सकता”। बिहार कांग्रेस के अंदर भी कन्हैया को लेकर असंतोष है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामजतन सिन्हा ने कहा था कि कन्हैया बिहार में ज्यादा प्रभावी नहीं हैं और पार्टी को अखिलेश सिंह जैसे नेताओं पर भरोसा करना चाहिए।

राजद और कांग्रेस के गठबंधन को बनाए रखने के लिए चर्चा चल रही है कि कन्हैया कुमार को वापस दिल्ली भेजा जा सकता है। कांग्रेस नेतृत्व इस पर विचार कर रहा है। हालांकि, “नौकरी दो, पलायन रोको यात्रा” जो हाल ही में शुरू हुई है, उसमें कन्हैया की अहम भूमिका है, इसलिए इसे अभी रोका नहीं जाएगा। लेकिन यात्रा खत्म होने के बाद कन्हैया को बिहार की राजनीति से दूर रखा जा सकता है, जिससे कांग्रेस और राजद के बीच दोस्ती बनी रहे।

Share This Article