सिटी पोस्ट लाइव
पटना : राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोने लगे। उन्होंने अपना गमछा निकालकर अपने चेहरे को ढकने की कोशिश की, ताकि कोई उनके आंसू न देख ले। हालांकि, गमछा से चेहरा ढकने के बाद भी तेजस्वी यादव के आंसू छिप नहीं सके और वहां मौजूद हर शख्स ने यह भांप लिया कि तेजस्वी यादव अपने आंसूओं को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या हुआ कि तेजस्वी यादव की आंखों में आंसू आ गए, तो हम आपको बता दें कि यह एक पत्नी और एक बेटी की पुकार थी। पत्नी और बेटी के सवाल थे जिन्हें सुनकर तेजस्वी यादव अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए। बेटी को क्या पता, कौन सरकार है, कौन सीएम, कौन पीएम। बेटी-पत्नी ने सोचा कि तेजस्वी यादव इतने बड़े नेता हैं, तो उन्हें वहीं इंसाफ़ दिला देंगे, इसलिए पत्नी और बेटी ने रो-रोकर एक-एक बात बता दी कि कैसे उनके कारोबारी पिता विनय गुप्ता को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। बीच बाज़ार। सबके सामने। और इसके बाद अपराधी पूरे बाज़ार में दो घंटे घूमते रहे। दहशत फैलाते रहे। किसी की हिम्मत न हुई कि कोई चूं कर दे। इस कहानी की चर्चा तो भागलपुर के नवगछिया में चारों तरफ़ हो रही थी, लेकिन कहीं से पीड़ित परिवार को हिम्मत नहीं मिल रही थी। पुलिस पर पीड़ित परिवार, कारोबारी की पत्नी और बेटी को भरोसा नहीं और पुलिस ने अब तक ऐसा किया भी क्या कि पीड़ित परिवार भरोसा करे। कारोबारी विनय गुप्ता की पत्नी ने बताया कि दुकान अब बंद ही रहती है। खोलने की हिम्मत नहीं होती। कौन खोलेगा, डर लगता है लेकिन घर तो उसी दुकान से चलता था, कुछ कीजिए। तेजस्वी यादव की आंखों से जब आंसू निकले तो गमछे से अपने आंसुओं को छिपाने की कोशिश की, फिर खुद को संभाला और कहा कि डीजीपी से बात करता हूं। आपको न्याय दिलवाऊंगा। चिंता मत कीजिए। हम आपके साथ हैं। इतना सहारा, इतना भरोसा मिलते ही बिलखने लगी विनय गुप्ता की पत्नी। नवगछिया बाजार के भागलपुर के हडिया पट्टी में किराना व्यवसायी विनय गुप्ता की नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी है। अब तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का काम तो बिहार पुलिस का है। कब कारोबारियों की हत्या पर लगाम लगाएगी बिहार पुलिस? कब ख़ौफ़ज़दा होंगे बिहार के अपराधी?
रोने लगे तेजस्वी यादव, कहा अब DGP से बात करेंगे