नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 31 दिसंबर की रात 10 बजे से शहर के सभी प्रमुख चौराहों, होटलों और क्लबों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और बाइकर्स गैंग पर कार्रवाई के लिए जिलेभर में 105 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
अटल पथ और जेपी गंगा पथ पर वाहनों की रफ्तार और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। वहीं, गांधी सेतु, जेपी सेतु और अन्य मुख्य मार्गों को जाममुक्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पटना शहर समेत जिले के 105 स्थानों पर 125 मजिस्ट्रेट, 150 पुलिस अधिकारियों और करीब 3000 जवानों को तैनात किया गया है। सभी एडीपीओ और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे भ्रमणशील रहकर शराब की बिक्री, सेवन और बाइकर्स गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। दरअसल, डाकबंगला चौराहा, पटना जंक्शन, जेपी गंगा पथ समेत सभी प्रमुख स्थानों पर क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखते हुए किसी भी अफवाह का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए हैं।
यहां उमड़ सकती है सबसे ज्यादा भीड़:
जेपी गंगा पथ, चिड़ियाघर, ईको पार्क, गांधी मैदान, कुम्हार पार्क, पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर, इस्कॉन मंदिर, बेली रोड का पंचमुखी हनुमान मंदिर और पटनदेवी मंदिर में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। वहीं, पटना से बड़ी संख्या में लोग महात्मा गांधी सेतु होकर हाजीपुर के दियारा क्षेत्र में पिकनिक मनाने जाते हैं। इसे देखते हुए 31 दिसंबर सुबह 6 बजे से 1 जनवरी शाम 6 बजे तक गंगा नदी में निजी नाव और बोट के परिचालन पर रोक लगाई गई है।
पिछले साल की कार्रवाई:
पिछले नए साल पर शराब पार्टी करते हुए 32 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि 1720 वाहन चालकों से 20.76 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया था।
परेशानी होने पर कहां करें संपर्क:
किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219810, 0612-2219234 या डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।