सिटी पोस्ट लाइव
चार साल बाद रिटायर होकर गांव आने वाले थे हवलदार संतोष यादव, बहुत प्लानिंग कर रखी थी, लेकिन आज उनका पार्थिव शरीर भागलपुर के नवगछिया के उनके गांव भिट्ठा आ गया। परिवार में सबकी आंखों से बहते आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे, उनसे जुड़ी यादें बता-बताकर घर का हर एक सदस्य फूट-फूट कर रो रहा था, लेकिन सीना सबका चौड़ा था। आखिर संतोष यादव ने देश की रक्षा करते हुए जम्मू में बलिदान जो दिया था। पार्थिव शरीर लेकर जब सेना की गाड़ी सड़कों से गुजरी, तो हर सड़क पर हज़ारों लोग पहले से संतोष यादव अमर रहे के नारे लगाते, आंखों में आंसू लिए इंतज़ार कर रहे थे। भागलपुर के स्थानीय विधायक गोपाल मंडल शहीद के परिवार को हिम्मत दिलाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार आपके साथ खड़ी है सिर्फ़ आज नहीं, बल्कि हमेशा, कभी कोई दिक्कत नहीं होगी, लेकिन जिसकी दुनिया ही उजड़ गई हो, उसे ऐसे दिलासों से क्या लेना-देना। अपनों को खोने का दर्द तो ऐसा होता है जिसे कोई मरहम नहीं भर सकता। भागलपुर जिले के नवगछिया भिट्ठा गांव के वीर सपूत संतोष यादव जम्मू कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में देश के लिए शहीद हो गए। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा क्षेत्र शोक और गर्व से भर उठा। गांव में संतोष यादव अमर रहे के नारे लगाकर दुश्मनों को खूब ललकारा गया। पाकिस्तान को क्षेत्र के युवाओं ने खूब ललकारा। जिस गांव में, जिस क्षेत्र में, जिस राज्य में, जिस देश में हवलदार संतोष यादव जैसे वीर सपूत हो, उसकी सीमाओं की ओर कोई दुश्मन देख भी कैसे सकता है। शहीद के पार्थिव शरीर ने जैसे ही नवगछिया की सीमा में प्रवेश किया वहां सैकड़ों की संख्या में बाइक पर सवार युवा और बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर शहीद जवान संतोष यादव के लिए सड़क पर खड़े दिखे, वहां से मोटरसाइकिल और कार के काफिले के साथ नारा लगाते हुए सभी पैतृक गांव पहुंचे, गांव में हजारों के भीड़ शहीद संतोष यादव के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी. इस्माईलपुर भिट्ठा की सड़कें भी आज अजीब सी उदासी और गम से भरी दिख रही थीं, लेकिन जैसे ही शहीद संतोष यादव का पार्थिव शरीर वहां पहुंचा शहीद संतोष यादव अमर रहे के जयकारे से सड़कें, चारों दिशाएं गूंज उठीं। इससे पहले जब शहीद संतोष यादव का पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट पहुंचा, तो केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. शहीद संतोष यादव, हमें, पूरे बिहार को, पूरे देश को आप पर गर्व है।
रोई सड़कें, रोए लोग, शहीद के परिजनों के आंसू पोंछने उमड़ा जनसैलाब