सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राजौरा के पास एक सड़क हादसे में एक नाबालिग छात्रा की जान चली गई। मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदूआर गांव निवासी राजीव सिंह की पुत्री अवनी कुमारी के रूप में हुई है। अवनी महज 16 वर्ष की थी और बेगूसराय शहर में ट्यूशन पढ़ने जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवनी कुमारी रोज की तरह मंगलवार को भी ट्यूशन पढ़ने के लिए ऑटो में सवार होकर बेगूसराय जा रही थी। इसी दौरान राजौरा के पास चलती ऑटो से वह अचानक नीचे गिर गई। गिरते ही उसे गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बेटी की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारवालों ने इस घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रा ऑटो से कैसे गिरी – क्या यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ, या किसी और कारण से। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और ऑटो चालक की तलाश जारी है।