सिटी पोस्ट लाइव
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान दिल्ली से पटना पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विपक्षी गठबंधन इंडिया (INDIA) पर जमकर बरसे। उन्होंने विपक्षी नेताओं द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों को उनकी संभावित हार का बहाना बताया।
सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर का शिलान्यास
सीतामढ़ी में मां सीता के मंदिर के शिलान्यास पर चिराग पासवान ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “यह पूरे बिहार के लोगों की वर्षों पुरानी इच्छा थी, जो आज पूरी होने जा रही है।” उन्होंने इस कार्यक्रम को लेकर कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई बड़े नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राहुल गांधी और तेजस्वी पर पलटवार
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा चुनाव आयोग पर वोट काटने के आरोपों पर चिराग पासवान ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “यह लोग झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं।” उन्होंने सवाल किया कि क्या विदेशी लोग या फर्जी लोग वोट करेंगे? उन्होंने आगे कहा, “यह लोग क्या चाहते हैं, यह समझ से परे है।” चिराग पासवान ने कहा कि जब नवंबर में बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम आएगा और ये लोग हारेंगे, तो कुछ तो ठीकरा फोड़ेंगे, इसलिए अभी से ही ये लोग वोट काटने का आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें निश्चित तौर पर जनता के बीच जाना चाहिए, ताकि उन्हें पता चले कि वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण का असर क्या है।