बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जहां मतदान जारी है, वहीं कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे घर से निकलकर वोट जरूर डालें, क्योंकि यही बिहार के भविष्य और विकास की दिशा तय करेगा।
कन्हैया कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि वह चुनाव जैसे महापर्व में सक्रिय रूप से भाग ले। उन्होंने मतदाताओं से अपील की- “पहले मतदान, फिर कोई दूजा काम।” साथ ही कहा कि बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं और इस बदलाव की शुरुआत वोट से ही होगी। आगे कहा कि लोगों के भीतर एक शांत नाराजगी है, जो रोजगार की कमी और लगातार हो रहे पलायन से जुड़ी है। हम जब जनता से बात करते हैं तो उनके मन में बदलाव की इच्छा दिखती है। इस नाराजगी को सकारात्मक दिशा में बदलें। कांग्रेस नेता ने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे वोटिंग को सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के रूप में लें और बिहार के भविष्य को अपने हाथों से तय करें।