सिटी पोस्ट लाइव
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को अपने दस्तावेज ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से जमा करने की सुविधा दी गई है। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से कोई भी एक दस्तावेज, बीएलओ द्वारा वितरित किए गए निःशुल्क फॉर्म के साथ भरकर जमा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल 26 जुलाई 2025 को दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को निर्देशित किया है कि वे डोर-टू-डोर संपर्क कर प्रत्येक पात्र नागरिक को फॉर्म उपलब्ध कराएं।मतदाता चाहें तो ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं, या फिर बीएलओ को सीधे फॉर्म के साथ ऑफलाइन रूप में दस्तावेज सौंप सकते हैं।
डीएम ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने दस्तावेज समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान 2025 को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके और भविष्य में चुनाव के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।