कौन हैं वे दो विधायक? जिनकी शपथ दूसरे दिन भी नहीं हो सकी…

Ritu Raj

बिहार की 18वीं विधानसभा में शपथ ग्रहण का सिलसिला दूसरे दिन भी अधूरा रह गया। पहले दिन जहां आठ विधायक शपथ नहीं ले पाए थे, उन्हें मंगलवार को शपथ दिलाई जा रही थी। लेकिन इसी दौरान जब दो जेडीयू विधायकों के नाम पुकारे गए, वे सदन में मौजूद नहीं थे, जिसके कारण दोनों की शपथ दूसरे दिन भी नहीं हो सकी।

जब शपथ ग्रहण के दौरान मोकामा से जेडीयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह का नाम लिया गया, तो सदन में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसकी वजह साफ़ है कि अनंत सिंह इस समय दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद हैं। चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस घटना में नाम आने के बाद वे हिरासत में चले गए थे और अभी तक उन्हें जमानत नहीं मिली है। इसी कारण वे दूसरे दिन भी बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शपथ लेने नहीं पहुंच सके। यह पहली बार नहीं है जब अनंत सिंह शपथ ग्रहण से दूर रहे हों। बता दें, 2015 की विधानसभा में भी उनकी यही स्थिति थी। उस समय भी वे जेल में थे और पहले सत्र में शपथ नहीं ले पाए थे। बाद में मार्च 2016 में, लगभग पाँच महीने बाद, उन्हें जेल वैन से विधानसभा लाया गया था, जहां उन्होंने बजट सत्र के दौरान विधायक पद की शपथ ली थी। इस बार भी कयास लगाए जा रहे हैं कि अनंत सिंह को शपथ संभवतः बाद में ही दिलाई जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, इधर गोपालगंज के कुचायकोट से जेडीयू विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ़ पप्पू पांडेय भी शपथ से अनुपस्थित रहे। चुनाव के दौरान भी वे स्वास्थ्य कारणों से क्षेत्र में नहीं दिखे थे। बताया गया कि उनके भतीजे मुकेश पांडेय को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद वे उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले गए। फिलहाल मुकेश गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती हैं, और उनकी देखभाल में लगे होने के कारण अमरेंद्र पांडेय सदन नहीं पहुंच सके। इसी वजह से दूसरे दिन भी वे विधायक पद की शपथ नहीं ले पाए।

Share This Article