सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.आये दिन अपराधी पुलिस पर हमला कर रहे हैं. अररिया के फुलकाहा थाना के एक कुख्यात अपराधी को पकड़ने गये एएसआई राजीव रंजन मल्ल की भीड़ ने हत्या कर दी है. लक्ष्मीपुर में गांजा तस्कर अनमोल यादव के आने की सूचना पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल छापामारी में गई थी. जहां अनमोल यादव को पुलिस ने पकड़ लिया था.भीड़ ने हमला कर अपराधी को छुड़ा लिया और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया.
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि अनमोल यादव को पुलिस ने पकड़ लिया था. इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस पर हमला करके उसको छुड़ा लिया. इसी क्रम में एएसआई गिर कर अचेत हो गए. अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.मृतक एएसआई राजीव रंजन मल्ल मुंगेर जिला के नया रामनगर थाना क्षेत्र के जानकीनगर के रहने वाले थे, जो फुलकहा थाना में दो वर्षो से पदस्थापित थे.
मौत का स्पष्ट कारण पुलिस नहीं बता रही है. नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल में शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है. घटना बीते रात लगभग एक बजे की है. मृतक को दो बेटी है. परिवार पटना में रहता है स्वजन पटना से अररिया पहुंच रहे हैं.