नोट जलानेवाले इंजीनियर का जेल में बीपी बढ़ा,पहली रात ना खाया, ना सोया.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अर्जित करने वाला धनकुबेर सुपरिटेंडेंट इंजीनियर विनोद राय 24 घंटे से जेल में हैं. जेल सूत्रों के अनुसार रात भर इंजिनियर जागता रहा.बेचैन नजर आया.कभी फफक फफक कर रोता रहा तो कभी छाती पिटता नजर आया.उस समय जेल में अफरा तफरी मच गई जब अचानक वो ठहाके लगाकर जोर जोर से हंसाने लगा.पहली रात विनोद राय ने ना खाना खाया, ना ही सोया. वो सिर्फ यही कहते रहे- बच्चों से बात करवा दीजिए, मेरी पत्नी कैसी है, उसकी भी तबीयत ठीक नहीं रहती है.जेल प्रशासन के अनुसार उसे मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.उसकी तबीयत खराब लग रही है.डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है.

विनोद राय के 4 बच्चे हैं. एक बेटी डॉक्टर है. विनोद राय अपना किडनी भी ट्रांसप्लांट करा चुके हैं.22 अगस्त (शुक्रवार) को पटना में EOU की टीम ने विनोद राय के घर पर छापेमारी की थी. इस दौरान टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के भूतनाथ रोड (पटना) स्थित आलीशान मकान से 52 लाख कैश बरामद किए थे.इनमें 12 लाख 50 हजार जले हुए नोट थे, जो उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर जलाए थे. यही नहीं आवास से सोने के बिस्किट समेत 26 लाख के गहने बरामद हुए.इसके अलावा, EOU को उनके घर से बीमा पॉलिसी और जमीन, मकान के कागजात, इलेक्ट्रानिक्स सामान समेत 20 करोड़ की चल-अचल संपत्ति मिली है. इसके बाद विनोद राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

छापेमारी करने पहुंची EOU की टीम को घर में घुसते ही कुछ जलने की बदबू आई. पति-पत्नी से पूछताछ हुई तो पता चला कि उन्होंने नोटों को जलाकर टॉयलेट में डाल दिया गया. नगर निगम की टीम को बुलाया गया तब पाइप से बड़ी मुश्किल से जले और अधजले 12 लाख 50 हजार बरामद हुए.जले हुए नोट की वजह से घर का पाइप भी जाम हो गया था. मौके पर FSL की टीम को भी बुलाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि EOU के विनोद के घर पहुंचने से पहले धुआं निकल रहा था.

विनोद कुमार राय मधुबनी से गुरुवार को दिन के करीब 11:30 बजे पटना के लिए इनोवा कार से करीब 4 करोड़ लेकर निकले थे पर घर शाम सात बजे पहुंचे.इस बीच उन्होंने नोटों को कइयों के यहां खपा दिया. ये रकम टेंडर और बिल पास करने को लेकर लिए गए थे. एक सफेदपोश को भी इसमें से मोटी रकम की डिलीवरी होनी थी.विनोद कुमार राय पर आय से अधिक संपत्ति यानी डीए का केस दर्ज होगा. इसके अलावे साजिश करने, साक्ष्य मिटाने, नोट जलाने और सरकारी काम में बाधा डालने का भी केस दर्ज हो गया है. यह मामला ED को भी भेजा जा सकता है.

विनोद कुमार राय राडो, रोलेक्स समेत विदेशी घड़ी का शौकीन है. EOU ने उसके घर से चार-पांच महंगी विदेशी घड़ियां बरामद की है. कई महंगे मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट बरामद किए हैं.जब टीम गुरुवार की रात 11 बजे उसके घर पर पहुंची तो घर बंद था. टीम वहीं रही। सूत्रों के अनुसार, रातभर विनोद और उसकी पत्नी जागते रहे.बार-बार छत पर आ-जा रहे थे. स्थानीय पुलिस ने उसके घर को चारों तरफ से घेर लिया था. सुबह पांच बजे जब उनका एक रिश्तेदार आया तो गेट खुला.

पड़ोसियों की माने तो विनोद मोहल्ले के लोगों से कम बातचीत करते थे. साल 2010 में उन्होंने यहां घर बनाया था. तब से मोहल्ले में रहते हैं. दो साल और नौकरी बची थी. उसके बाद रिटायर हो जाते.दरअसल, विनोद की पोस्टिंग सीतामढ़ी में है और मधुबनी के अतिरिक्त प्रभार में हैं. इनके खिलाफ अवैध कमाई की सूचना EOU को मिली थी. EOU के अनुसार छापेमारी के लिए टीम गुरुवार की रात ही गई थी. मगर, घर में अकेली महिला होने की बात कह उन्हें अंदर जाने से रोका गया.

Share This Article