सिटी पोस्ट लाइव : रूपौली की पूर्व विधायक, आरजेडी के प्रदेश उपाध्यक्ष बीमा भारती के पति और पूर्व प्रखंड प्रमुख अवधेश मंडल पर एकबार फिर से बड़ा गंभीर आरोप लगा है.एक व्यक्ति को जबरन अगवा कर उसके ऊपर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है.इस मामले में पीड़ित द्वारा भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान जावे पंचायत अंतर्गत कुसहा गांव निवासी ढोराई मंडल के पुत्र रामबल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल (40) के रूप में हुई है.अगवा कर धारदार हथियार से जानलेवा हमला
घायल भोला मंडल के अनुसार वो गुरुवार की शाम अपने घर से भवानीपुर बाजार से आ रहे थे तभी सर्किल टोला स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप पूर्व प्रमुख अवधेश मंडल ने अपने चार चक्का वाहन और दो मोटरसाइकिल पर सवार करीब 10-12 हथियारबंद साथियों के साथ उसे जबरन अगवा कर लिया.पीड़ित के अनुसार, उसे जबरन अवधेश मंडल के भवनदेवी टोला स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां बेरहमी से मारपीट करने के बाद उसके सिर पर धारदार हथियार दबिया से जानलेवा हमला किया गया. इस हमले में उसका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भागा और घायल अवस्था में भवानीपुर अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसका इलाज जारी है.घायल की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि इसके पूर्व भी अवधेश मंडल ने उनके घर पर पहुंचकर मारपीट की थी, जिसको लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
भोला मंडल ने आरोप लगाया कि उसी पुराने केस की रंजिश को लेकर यह जानलेवा हमला किया गया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है. इस मामले में घायल रामबल्लभ मंडल ने भवानीपुर थाना में अवधेश मंडल सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध लिखित आवेदन दिया है. भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है.