सिटी पोस्ट लाइव :बिहार पुलिस ने सरकार के द्वारा एनकाउंटर की घोषणा को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है.पुलिस ने एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया है. SIT और STF की टीम ने बुधवार को पटना सिटी के मालसलामी इलाके में एक अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया. मृतक की पहचान विकास उर्फ राजा के रूप में हुई है, जो अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री से जुड़ा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जब टीम दमरिया घाट के पास रेड करने पहुंची, तो विकास ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया.
पटना के कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के सिलसिले में दो व्यक्तियों को पकड़ा गया है, जिसमें एक शूटर भी शामिल है. उमेश यादव नामक शूटर को और सुपारी देनेवाले को गिरफ्तार कर लिया गया है. सोमवार की रात 9 बजे पुलिस ने उमेश के साथ उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 601 में छापेमारी कर अशोक को गिरफ्तार किया.पुलिस को शक है कि गोपाल खेमका के मर्डर के पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण हो सकता है.
गोपाल खेमका की शुक्रवार रात 11.40 बजे पटना में उनके घर के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इससे सात साल पहले हाजीपुर में उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. यह घटना गांधी मैदान इलाके में खेमका के घर के गेट के पास हुई थी.पुलिस का दावा है कि खेमका की हत्या में इस्तेमाल हुआ हथियार इसी विकास से शूटर उमेश यादव ने खरीदा था. मौके से एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद हुआ है. पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश कर रही है.