सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। पुलिस ने जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए महिषी थाना क्षेत्र में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 30 लीटर देसी शराब, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस को कुसहा और बलथरवा इलाके के दो शराब तस्करों के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना के मुताबिक, आरोपी बड़ी मात्रा में शराब और अवैध हथियार के साथ ऐना की ओर जा रहे थे। इसी आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

अवैध हथियार और शराब बरामद
जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, बाइक सवार दोनों आरोपी भागने लगे। हालांकि, सशस्त्र पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते दोनों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान घनश्याम बिन्द और प्रमोद बिन्द के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान घनश्याम की कमर से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, मोटरसाइकिल पर लदे दो बोरों से 15-15 लीटर देसी शराब मिली। पुलिस ने इस मामले में महिषी थाना में कांड संख्या 81/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।