लखीसराय में सड़क हादसे में 3 इंजीनियरिंग छात्रों की दर्दनाक मौत

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के लखीसराय जिले से एक ऐसी सड़क दुर्घटना की खबर आई है जिसने बिहार को हिलाकर रख दिया है। जमुई सीमावर्ती इलाके में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई है। लखीसराय के तेतरहाट थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने छात्रों के ऑटो को टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र ऑटो रिक्शा से जमुई की तरफ से आ रहे थे। वे संभवतः अपने शिक्षण संस्थान या घर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही तेतरहाट थाना पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत छात्रों की पहचान अभी तक पूरी तरह नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे इंजीनियरिंग के छात्र थे। पुलिस छात्रों के पहचान और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस सड़क हादशे ने लोगों को हिलाकर रख दिया है। लखीसराय और जमुई दोनों जिलों में शोक की लहर दौड़ गई है। तीन युवा इंजीनियरिंग छात्रों की असमय मौत ने सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।

Share This Article