सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी। बिहार में लागू शराबबंदी के बावजूद होली के अवसर पर अवैध शराब तस्करी जोरों पर है। इसी कड़ी में मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई कर हजारों लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदे एक कंटेनर और एक पिकअप वाहन जब्त किया, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। दरअसल, मेहसी थाना प्रभारी रंधीर कुमार भट्ट को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से भारी मात्रा में शराब की खेप थाना क्षेत्र के सुरसाबाद स्थित पुराने कोल्ड स्टोर के पास उतारी जाएगी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात को जानकारी दी और तस्करों को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की।

जैसे ही शराब से भरा कंटेनर पुराने कोल्ड स्टोर के पास पहुंचा, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। बावजूद इसके, पुलिस ने कंटेनर और एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। जब्त शराब की मात्रा 3500 लीटर से अधिक बताई जा रही है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस जांच के दौरान तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीकों से शराब की तस्करी में लिप्त हैं। खासतौर पर होली के समय शराब की मांग बढ़ने से तस्करों की गतिविधियां तेज हो जाती हैं। लेकिन मोतिहारी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ी मात्रा में शराब जब्त कर ली गई, जिससे तस्करों की योजनाओं पर पानी फिर गया। इस मामले पर मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जिले में शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जा रहा है और किसी भी स्थिति में अवैध शराब तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही फरार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।