सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मंडाक्ष गांव में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने जानलेवा मोड़ ले लिया। दो दिन पहले खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुई कहासुनी ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब दर्जनों हथियारबंद लोगों ने घर पर हमला कर 19 वर्षीय युवक विकास कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में उसके दादा अजीत यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।
क्या था पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, घटना की शुरुआत दो दिन पहले उस समय हुई जब विकास कुमार का मवेशी गांव के ही लालजीत सिंह के खेत में घुस गया, जिससे मूंग की फसल को नुकसान हुआ। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। गांववालों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया था, लेकिन अंदर ही अंदर रंजिश बनी रही।
सुबह-सुबह हुआ हमला, युवक को सीने में मारी गई गोली
सोमवार की सुबह करीब दर्जन भर लोग, जिनमें लालजीत सिंह, रजनीश सिंह, अजीत सिंह और अजय सिंह शामिल थे, हथियारों और धारदार हथियारों से लैस होकर विकास कुमार के घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले दादा अजीत यादव पर हमला किया। जब विकास उन्हें बचाने दौड़ा, तो उसे सीने में गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी नुरुल हक मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने कैंप कर लिया है ताकि किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके। विकास के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने साफ तौर पर कहा कि हमलावरों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।