सिटी पोस्ट लाइव
समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र का महिसारी गांव शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना से दहल उठा। सड़क किनारे एक ही पेड़ से एक युवक और एक युवती का शव एक ही दुपट्टे के सहारे लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
दो घंटे बाद हुई युवक की पहचान
यह घटना मेहसारी पंचायत के वार्ड नंबर 8 की है। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उजियारपुर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद, मृतक युवक की पहचान हो सकी। युवक का नाम पंकज कुमार (18 वर्ष) था, जो विभूतिपुर थाना क्षेत्र के केराई वार्ड 11 निवासी अक्षय सिंह का पुत्र था। वहीं, मृतका युवती की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
युवक पंकज के भाई ने मीडिया को बताया कि पंकज शुक्रवार शाम को घर से निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की। शनिवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसका शव महिसारी गांव में एक पेड़ से लटका हुआ है। पंकज के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। परिवार का सीधा आरोप है कि पंकज और युवती की पहले हत्या की गई है, और सबूत मिटाने के लिए बाद में उनके शवों को पेड़ से लटकाया गया है, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
पुलिस और प्रशासन की जांच जारी
मौके पर पहुंची उजियारपुर थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों से सूचना मिली थी, जिसके बाद वे कार्रवाई के लिए पहुंचे। घटनास्थल से मृतका के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी मदद से पुलिस युवती की पहचान और मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
मेहसारी पंचायत के पूर्व मुखिया कुशेश्वर प्रसाद यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे एक गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि “शवों की स्थिति देखकर साफ लगता है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।” उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच करने की मांग की है।
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या और ऑनर किलिंग दोनों की आशंका शामिल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि युवती की शिनाख्त अभी भी पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है, लेकिन जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस सनसनीखेज डबल मर्डर (या संदिग्ध आत्महत्या) की घटना ने समस्तीपुर पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है।