पेट्रोल पंप पर दुकान, दिल्ली में ईद का वादा… फिर अचानक जासूसी के आरोप में गिरफ्तारी; क्या है नौशाद की सच्चाई?…

Ritu Raj

मुजफ्फरपुर के रहने वाले 19 वर्षीय नौशाद की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार और गांव में गहरी चिंता और हैरानी का माहौल है। नौशाद की मां नईमा खातून के मुताबिक, वह करीब 9 महीने पहले काम की तलाश में दिल्ली गया था।

दरअसल, शुरुआत में उसने पंचर की दुकान पर नौकरी की, लेकिन बाद में खुद का काम शुरू करने की इच्छा जताई। इसके लिए परिवार ने कर्ज लेकर उसे 30 हजार रुपए दिए, जिससे उसने पेट्रोल पंप पर अपनी छोटी सी दुकान शुरू की थी। आखिरी बातचीत में उसने बताया था कि कमाई ठीक-ठाक हो रही है और वह ईद भी दिल्ली में ही मनाएगा। लेकिन अचानक उसके लापता होने और फिर जासूसी के आरोप में गिरफ्तारी की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि नौशाद किसके संपर्क में था या उसे कौन लेकर गया। उसके पिता, जो वेल्डिंग का काम करते हैं, बेटे की तलाश में दिल्ली तक गए, जहां पता चला कि पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, गांव के लोगों और रिश्तेदारों का भी यही मानना है कि नौशाद का स्वभाव बेहद सीधा-सादा था। उसने कम उम्र में पढ़ाई छोड़ दी थी और छोटे-मोटे काम करके परिवार की मदद करता था। ऐसे में गांव वालों को विश्वास नहीं हो रहा कि वह किसी जासूसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। उनका कहना है कि हो सकता है किसी ने उसे बहला-फुसलाकर या साजिश के तहत इस मामले में फंसा दिया हो।

Share This Article