राजगीर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप…

Ritu Raj

राजगीर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। सोमवार को ई-मेल के जरिए भेजे गए धमकी भरे संदेश में फैक्ट्री और उससे जुड़े ऑफिस कैंपस में 7 बम रखे जाने और बड़े विस्फोट की चेतावनी दी गई है। बताया जा रहा है कि यह ई-मेल तमिलनाडु से भेजा गया है, जिसके बाद केंद्रीय और राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। फैक्ट्री परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

धमकी भरे ई-मेल में पाकिस्तान की ISI, तमिलनाडु की DMK और चेन्नई के एक धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कई गैरकानूनी संगठनों के नाम शामिल किए गए हैं। मेल में की गई टिप्पणियों को जानबूझकर भावनाएं भड़काने और साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह स्पष्ट संकेत मिले हैं कि इसका उद्देश्य दहशत फैलाना और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना है। सात ही राजगीर के DSP सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक गंभीर और खतरनाक धमकी प्रतीत हो रहा है। इसे तुरंत साइबर सेल, इंटेलिजेंस विंग और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय और राज्य जांच एजेंसियां, रक्षा मंत्रालय और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से जांच में जुटे हैं। वहीं, साइबर सेल को ई-मेल की तकनीकी जांच और उसके वास्तविक स्रोत की पहचान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

राजगीर स्थित आयुध निर्माणी भारतीय सेना की सामरिक क्षमता के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण रक्षा उत्पादन इकाई मानी जाती है। इस प्रतिष्ठित कारखाने की आधारशिला वर्ष 1999 में तत्कालीन रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीज द्वारा रखी गई थी, जबकि 2001 में केंद्र सरकार ने इसे औपचारिक रूप से स्वीकृति प्रदान की। तब से यह इकाई देश की रक्षा तैयारियों में अहम भूमिका निभा रही है। वहीं, यहां BMCS (बाई-मॉड्यूलर चार्ज सिस्टम) जैसे अत्याधुनिक गोला-बारूद का निर्माण किया जाता है, जिनका इस्तेमाल भारतीय सेना की धनुष और बोफोर्स तोपों में किया जाता है। खास बात यह है कि पूरे देश में केवल राजगीर आयुध निर्माणी ही BMCS का उत्पादन करती है। म्युनिशंस इंडिया लिमिटेड के अंतर्गत संचालित यह संयंत्र अपनी गुणवत्ता, स्वदेशी तकनीक और विश्वसनीयता के लिए राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान रखता है। इसके उत्पादों का निर्यात यूरोपियन देशों और अमेरिका तक किया जाता है, जो इसकी वैश्विक साख को दर्शाता है।

Share This Article