गोपालगंज में सांप काटने से युवक की मौत, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में सोमवार देर रात सांप के काटने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुन्ना यादव, पिता ललन यादव के रूप में हुई है। इस घटना को लेकर परिजनों ने पंचदेवरी पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, मुन्ना यादव रात करीब दो बजे खाना खाकर सोया था, तभी एक जहरीले सांप ने उसे काट लिया। घटना के बाद परिवार के लोग उसे तुरंत पंचदेवरी पीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां एंटी-स्नेक वेनम (सांप के जहर की दवा) मौजूद नहीं थी। डॉक्टरों ने युवक को बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन लंबी दूरी और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण रास्ते में ही मुन्ना की मौत हो गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

परिजनों का आरोप है कि अगर पीएचसी में जरूरी दवा मौजूद होती, तो युवक की जान बच सकती थी। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि गंभीर मामलों में भी प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में शोक का माहौल है और सगे-संबंधी परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। यह घटना न सिर्फ एक मूलभूत स्वास्थ्य सुविधा की कमी को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन चिकित्सा सेवा की दर्दनाक सच्चाई भी सामने लाती है।

Share This Article