IPL 2026: मैदान पर उतरने से पहले कप्तानों की बड़ी बैठक, क्या बदलेगा ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम?…

Ritu Raj

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का बिगुल 28 मार्च को बजने जा रहा है, जिसका पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट के आगाज से ठीक पहले, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सभी टीमों के कप्तानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहा है।

इस बैठक का उद्देश्य कप्तानों और कोचों को खेल के नियमों और आचार संहिता से अवगत कराना है। इस बार चर्चा का मुख्य केंद्र इम्पैक्ट प्लेयर नियम की उपयोगिता और उसके भविष्य पर रहेगा, जिस पर कप्तानों के साथ विस्तार से बातचीत की जाएगी। चूंकि इस सीजन में कई टीमों के पास नए कप्तान और कोच हैं, इसलिए उन्हें नियमों की बारीकियों को भी समझाया जाएगा। इस सत्र का संचालन पूर्व क्रिकेटर और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ तथा अंपायर पैनल के प्रमुख नितिन मेनन द्वारा किया जाएगा।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इन तकनीकी नियमों पर रहेगी नजर;
बीसीसीआई अधिकारी के अनुसार नियमों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कुछ पुराने और तकनीकी नियमों को फिर से स्पष्ट किया जाएगा। इसमें कोरोना काल के बाद लार (saliva) के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध, जिसे पिछले सीजन में हटा दिया गया था, उसे दोबारा सही तरीके से समझाया जाएगा। इसके अलावा दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को 10 ओवर के बाद अंपायर की अनुमति से गेंद बदलने के विकल्प को भी समझाया जाएगा। खेल की तकनीकी बातों में बल्ले के आकार की जांच, ‘रिटायर्ड आउट’ के निर्णय और एक ओवर में दो बाउंसर जैसे नियमों पर भी चर्चा होगी। साथ ही, यदि गेंद खेलने लायक न रहे या गुम हो जाए तो खेल को आगे कैसे बढ़ाया जाए, इसके प्रोटोकॉल भी दोहराए जाएंगे। विशेष रूप से यह बैठक आईपीएल की एक परंपरा रही है, जिसका उद्देश्य मैदान पर अंपायरों और कप्तानों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना और खेल भावना को बरकरार रखना है।

Share This Article