भोजपुर में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में डोडा बरामद

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

भोजपुर। जिले के शाहपुर दियारा स्थित दामोदरपुर बधार में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। यहां लगभग छह बीघा जमीन पर अफीम उगाई गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बहोरनपुर थाना पुलिस के सहयोग से रविवार को छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में डोडा बरामद किया गया। जब छापेमारी दल मौके पर पहुंचा तो अफीम की फसल पहले ही काटी जा चुकी थी और खेतों की जुताई कर दी गई थी। खेतों में हाल ही में पटवन किया गया था, जिससे मिट्टी में नमी बनी हुई थी। भारी पुलिस बल की कार्रवाई से दियारा क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

ट्रैक्टर से लाया गया बरामद डोडा

उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त डोडा को ट्रैक्टर में लादकर जगदीशपुर उत्पाद थाना पहुंचाया। फिलहाल अधिकारियों के निर्देश पर डोडा का वजन किया जा रहा है। इसके बाद बरामद सामग्री का मूल्यांकन किया जाएगा। छापेमारी टीम का नेतृत्व उत्पाद दारोगा अजीत कुमार कर रहे थे।

अफीम की यह खेती मक्के के खेतों के बीच छुपाकर की गई थी, जिससे इसकी जानकारी लोगों या पुलिस को नहीं लग पाई। हालांकि, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस जब इलाके में गहन खोजबीन करने पहुंची तो मक्के के खेतों के बीच से गुजरते हुए मौके पर पहुंची और बड़ी मात्रा में डोडा जब्त किया।

खेत मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस अब उस जमीन के मालिक की पहचान में जुटी है, जहां यह अवैध खेती की जा रही थी। खेत मालिक का पता लगते ही उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

इससे पहले, इसी साल फरवरी में भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र के खेसरहिया गांव में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया था। तब प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अफीम की फसल को नष्ट कर दिया था। जिला अधिकारियों के आदेश पर टीम गठित कर इस खेती को खत्म किया गया था और साक्ष्य के रूप में नमूने जब्त किए गए थे।

Share This Article