सिटी पोस्ट लाइव
पटना : बिहार एसटीएफ ने मोकामा और पंडारक पुलिस के सहयोग से मेकरा दियारा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भीषण मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने गंगा दियारा में तलाशी अभियान शुरू किया था।
अभियान के दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोलीबारी की। मुठभेड़ के बाद अपराधी भागने लगे, लेकिन मुकेश राय और अर्जुन राय को पुलिस ने दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो राइफल, एक देसी कट्टा, 53 राउंड जिंदा कारतूस, 10 खोखा, एक मिसफायर गोली और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है, जिससे इलाके में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।