सिटी पोस्ट लाइव
जमुई। बहुत पुरानी एक कहावत है कि प्यार अंधा होता है। यह बात तब और पुख्ता हो गई जब जमुई में देर रात तक एक प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। हालांकि अजब-गजब प्रेम की कहानी को जिसने भी सुना उसे, बात हजम नहीं हुई। बात भी कुछ ऐसी ही थी। पूरा मामला बहुत ही संवेदनशील और विवादास्पद है, क्योंकि इसमें पारिवारिक रिश्तों और समाजिक नैतिकताओं के आधार पर इस रिश्ते को मानना दोनों ही परिवारों के लिए मुश्किल हो रहा था।
जमुई जिले के बरहट थाना परिसर में देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब मौसी और भतीजे के प्रेम संबंध को लेकर दोनों परिवार आमने-सामने आ गए। प्रेमिका कुंती कुमारी अपने भांजे संदीप कुमार से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, लेकिन संदीप के परिवार ने इसका विरोध किया। जैसे ही कुंती को पता चला कि संदीप की शादी 3 अप्रैल को तय हो गई है, वह सीधे बरहट थाना पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों में तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख थाना प्रभारी संजीव कुमार ने हस्तक्षेप किया और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार दोनों को उनके-उनके परिवारों के साथ भेज दिया।

प्यार, परिवार और विवाद
बरहट थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव की रहने वाली कुंती कुमारी को अपने ननिहाल में रहने वाले संदीप से प्रेम हो गया। संदीप, जो रिश्ते में उसका भतीजा लगता है, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के घोड़पाड़र गांव का निवासी है। दोनों के बीच नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और करीब चार साल तक प्रेम संबंध चला। इस दौरान वे शारीरिक संबंध में भी आ गए।
कुंती का कहना है कि उसने संदीप से शादी करने का फैसला कर लिया था, लेकिन संदीप के घरवाले इसके लिए राज़ी नहीं हैं और उसकी शादी कहीं और करवा रहे हैं। कुंती का आरोप है कि संदीप के परिवार ने शादी के लिए दहेज और बाइक की मांग रखी, साथ ही उसका नंबर भी ब्लैकलिस्ट कर दिया। वहीं, संदीप का कहना है कि पहले दोनों की बातचीत होती थी, लेकिन अब संपर्क खत्म हो गया है और उसकी शादी 3 अप्रैल को तय हो चुकी है।
देर रात तक हंगामा, लेकिन कोई शिकायत नहीं
थाना परिसर में देर रात तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। लड़का और लड़की दोनों ने अपने प्रेम प्रसंग को खुले मन से स्वीकार किया। कुंती के अनुसार संदीप शादी के लिए भी तैयार है लेकिन पारिवारिक और सामाजिक दबाव की वजह से यह शादी नहीं हो सकती है। वहीं संदीप ने बताया कि पहले बात होती थी लेकिन अब कोई बातचीत नहीं हो रही है। मेरी शादी तय हो चुकी है जो 9 मई को मटिया में होनी है। हालांकि, अंत में दोनों परिवार अपने-अपने घर लौट गए और किसी ने भी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि अगर कोई आवेदन आता है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

क्या थी हंगामे की वजह
पूरा मामला बहुत ही संवेदनशील और विवादास्पद विषय है, क्योंकि इसमें पारिवारिक रिश्तों और समाजिक नैतिकताओं के बीच टकराव होता है। मौसी-भतीजे के बीच प्रेम प्रसंग के बारे में सुनना कई लोगों के लिए असामान्य और अनैतिक हो सकता है, क्योंकि इस तरह के रिश्ते पारिवारिक और सामाजिक दृष्टिकोण से सही नहीं माने जाते हैं। भारतीय संस्कृति में पारिवारिक रिश्तों का बहुत महत्व है और इस प्रकार के रिश्तों को लेकर समाज में कई तरह की धारणाएं और पूर्वाग्रह होते हैं।
इस मामले में बवाल मचने की वजह यह हो सकती है कि परिवार और समाज में ऐसे रिश्तों को स्वीकार करना मुश्किल होता है, क्योंकि इससे पारिवारिक सम्मान और परंपराओं पर सवाल उठ सकते हैं। इसके अलावा, रिश्तों में संतुलन और सीमाएं तय करना भी महत्वपूर्ण होता है, ताकि कोई भी व्यक्ति या परिवार नुकसान न पहुंचे। ऐसे मामलों में, यह जरूरी होता है कि सभी पक्षों को सम्मान और समझदारी से सुना जाए और मामले का समाधान पारिवारिक और कानूनी दृष्टिकोण से किया जाए।