CBI जांच की मांग, पप्पू यादव का सनसनीखेज दावा—लॉज से लेकर नेता-अधिकारी तक शामिल…

Ritu Raj

नीट की छात्रा की मौत को लेकर सांसद पप्पू यादव ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग तेज कर दी है। उन्होंने पटना में बड़े सेक्स रैकेट के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें लॉज संचालकों के साथ-साथ प्रभावशाली नेता और अधिकारी भी शामिल हैं। पप्पू यादव ने साफ कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जरूरत पड़ी तो वे हाईकोर्ट का दरवाज़ा भी खटखटाएंगे।

समाचार एजेंसी से बातचीत में पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि जब हाल ही में कई मंत्री और नेता जहानाबाद में मौजूद थे, तो उनमें से कोई भी पीड़ित परिवार से मिलने क्यों नहीं गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी नेता संवेदना दिखाने के बजाय सियासी लाभ उठाने में लगे रहे और सिर्फ हिंदू-मुसलमान की राजनीति करते रहे। पप्पू यादव ने मामले को और गंभीर बताते हुए दावा किया कि छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में आरोपियों ने एक निजी अस्पताल की मिलीभगत से उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा, “मेरा सवाल सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जानना जरूरी है कि इसके पीछे कौन लोग हैं और कितने ताकतवर चेहरे इसमें शामिल हैं। गलत मेडिकल रिपोर्ट देने वाले डॉक्टर के खिलाफ अब तक एफआईआर क्यों नहीं हुई?”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। पप्पू यादव का कहना है कि पुलिस ने कथित तौर पर आरोपियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को धमकाया और पैसे देकर मामला दबाने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि पटना के कई लॉज में खुलेआम सेक्स रैकेट चल रहा है, लेकिन न तो कोई निगरानी है और न ही जवाबदेही तय की जा रही है। छात्रा की मौत के बाद पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अलग-अलग मंत्रालयों में घुसकर फाइलें खंगालता रहा है और इसके सबूत उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कई मंत्री और अधिकारी संलिप्त हैं। सांसद ने दो टूक कहा कि वे इस केस में सीबीआई जांच की मांग करते हैं और न्याय के लिए हर कानूनी रास्ता अपनाने को तैयार हैं।

Share This Article