सिटी पोस्ट लाइव
बेतिया: बिहार के प. चंपारण जिले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में डिप्टी कमिश्नर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर और पाँच चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित कई महत्वपूर्ण लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह छापेमारी फेसलेस स्कीम से जुड़ी हुई है, जिसमें एक साजिश के तहत अधिकारियों ने मिलकर भारत सरकार के विभाग को धोखा दिया।

सीबीआई ने इस मामले में मेरा स्वाभिमान ट्रस्ट के कई ठिकानों पर भी छापेमारी की। यह कार्रवाई केवल बिहार तक सीमित नहीं रही, बल्कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलोर सहित कई अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की गई। सीबीआई ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि इस छापेमारी में कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कागजात, पेमेंट के सबूत और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। सीबीआई ने कहा कि इस मामले में गहन अनुसंधान जारी है और जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह छापेमारी उन लोगों के लिए एक चेतावनी है, जो सरकारी सिस्टम में भ्रष्टाचार फैला रहे हैं। सीबीआई की इस कार्यवाही से भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और यह एक साफ संदेश है कि अब किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।