सिटी पोस्ट लाइव
राजपुर: आगामी ईद, रामनवमी और चैती छठ पर्व को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। रोहतास, कैमूर और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।
इसी क्रम में, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रामपुर गांव में विक्की राजभर (पिता संजय राजभर) के घर में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर 32 बोतल देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी विक्की राजभर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन सतर्क, शरारती तत्वों पर नजर
थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शराब माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी चौकीदारों को सतर्क कर दिया गया है और सीमाओं पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चिन्हित शरारती तत्वों को धारा 107 के तहत नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें।