सिटी पोस्ट लाइव
पटना: पटना के मनेर थाना क्षेत्र में रविवार रात को छितनांवा बधार में शाहपुर के दाउदपुर बगीचा निवासी 47 वर्षीय रामदेव राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रामदेव राय मोकामा में एफसीआई कर्मी और जमीन कारोबारी थे। मृतक रामदेव राय के बारे में जानकारी मिली है कि वह मोकामा में एफसीआई में कार्यरत थे और साथ ही जमीन का व्यापार भी करते थे। हत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक रामदेव राय के बेटे राजदेव राय ने बताया कि उनके पिता ने घर से बाहर निकलने से पहले उन्हें फोन किया था और कहा था कि कुछ लोग उन्हें तंग कर रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की और थाना भी पहुंचे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। देर रात सूचना मिली कि बाजार में एक शव पड़ा है, जब परिवार वहां पहुंचे, तो पाया कि रामदेव राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
यह भी जानकारी सामने आई है कि रामदेव राय के पिता बुधन राय भी एफसीआई में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद रामदेव को अनुकंपा के आधार पर यह नौकरी मिली थी। साथ ही वे जमीन के कारोबारी भी थे। चर्चा है कि उनकी हत्या जमीन के विवाद के कारण किसी करीबी द्वारा की गई हो। नगर पुलिस अधीक्षक सरत आरएस ने बताया कि छितनावां में शव मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से शव बरामद किया और प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि रामदेव राय को गोली मारी गई थी। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार सुबह रामदेव राय का अंतिम संस्कार दानापुर के घाट पर किया गया।