सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुर। आरा में मंगलवार को तनिष्क शोरूम में एक बड़ी आग लग गई। आग शोरूम के बेसमेंट में लगी, जो एक वेल्डिंग कार्य के दौरान चिंगारी से शुरू हुई। शोरूम में उस समय 40 कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। कर्मचारियों का कहना है कि “हम गहने दिखा रहे थे, तभी धुआं भरने लगा और हम डरकर बाहर भागे।”
ग्राहकों ने दूसरी छत पर कूदकर बचाई जान
शोरूम में मौजूद एक ग्राहक ने बताया, “गेट से धुआं बाहर निकल रहा था, तो हम तुरंत छत की तरफ दौड़े और फिर पड़ोसी की छत पर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।” आग के कारण शोरूम के बेसमेंट में खड़ी 10 बाइक जलकर राख हो गईं। बता दें कि 22 दिन पहले ही इसी शोरूम में 10 करोड़ रुपये की लूट की घटना हुई थी।
शोरूम में आग लगने के वक्त ग्राहक उमेश कुमार सिंह ने कहा, “मैं मंगलसूत्र खरीदने आया था। हम दोनों बाइक बाहर खड़ी करके अंदर गए थे। शोरूम वालों ने कहा कि गाड़ियाँ बेसमेंट में पार्क कर दीजिए। बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था, जिससे आग लग गई और वो फैल गई। धुआं पूरे शोरूम में भर गया और हम लोग भागकर छत पर गए। वहां से कूदकर किसी तरह बाहर निकले।”
वेल्डिंग से लगी आग
सेल्समैन राहुल ने बताया, “सभी स्टाफ अपने-अपने फ्लोर पर कस्टमर्स से डील कर रहे थे। अचानक धुआं भरने लगा और हालात बिगड़ गए। जैसे-तैसे बाहर आकर जान बचाई।” प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शोरूम के बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था, और उसी दौरान चिंगारी से बेसमेंट में खड़ी कार में आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ी और पूरे बेसमेंट को चपेट में ले लिया, जिससे धुआं पूरे शोरूम में फैल गया।