सिटी पोस्ट लाइव
पटना : बिहार में पहली बार एयर शो,9 लड़ाकू विमान करतब दिखाएंगे:जेपी गंगा पथ पर आज रिहर्सल, कल शो; एरोबेटिक टीम 5 तरीके से भरेगी उड़ान
सिटी पोस्ट लाइव : आज से पटना में दो दिन तक एयर शो का आयोजन हो रहा है. आसमान में वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम रोमांचक प्रदर्शन करेगी. बिहार में पहली बार हो रहे एयर शो के लिए जेपी गंगा पथ पर तैयारी पूरी कर ली गई है.आज मंगलवार को इसकी रिहर्सल होगी. 23 अप्रैल को शौर्य दिवस के दिन भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम 5 तरीके से उड़ान भरेगी और आकाश में करतब दिखाएगी.एयर शो करीब एक घंटे का होगा. वायुसेना के 9 लड़ाकू विमान करतब दिखाएंगे.
एयर शो के मुख्य आयोजनकर्ता बीजेपी के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि ‘यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है. भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम पटना के आसमान में करतब दिखाएगी. इस दौरान बाबू वीर कुंवर सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए गंगा नदी के ऊपर से वायुसेना सलामी देगी.’यह समारोह भारतीय वायुसेना की ओर से किसी स्वतंत्रता सेनानी को दी जाने वाली सबसे बड़ी सलामी में से एक होगा. इसके साथ ही ‘आकाशगंगा’ की पैराग्लाइडिंग टीम के 12 सदस्य आसमान से छलांग लगाएंगे. उनके हाथों में बाबू वीर कुंवर सिंह की तस्वीर होगी.’
इस एयर शो के दौरान पहले 15 मिनट आकाशगंगा टीम के पैराट्रूपर्स विमान से छलांग लगा कर पैराशूट से तिरंगा बनाते हुए धरती पर उतरेगी. इसके बाद 45 मिनट तक सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएगी. इसमें 9 हॉक फाइटर विमान शामिल रहेंगे.वायुसेना सूत्रों ने बताया कि एयर शो दो भागों में बंटा है. पहले भाग में 9 विमान एक साथ उड़ान भरेंगे. ये विमान 5 मीटर की दूरी मेंटेन करते हुए एक साथ उड़ान भरेंगे. दूसरे भाग में सभी 9 विमान अलग-अलग दिशाओं से अपनी गति और अनुशासन का प्रमाण देते हुए अलग-अलग आकृतियां आसमान में बनाएंगे. इसके अलावा विमान उल्टी उड़ान भरते भी नजर आएंगे. ये भारतीय वायुसेना के फाइटर पायलट हैं.
मंगलवार और बुधवार को गंगा पथ इलाके के साथ सोनपुर से हाजीपुर तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है. इस दौरान कोई भी एयरक्राफ्ट या ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी. इस कार्यक्रम को लेकर र 150 मजिस्ट्रेट, 200 पुलिस अफसरों के साथ 1000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है.