सिटी पोस्ट लाइव
गोपालगंज: गोपालगंज के मानिकपुर गांव में आयोजित तिलक समारोह के दौरान डांस कार्यक्रम में बवाल मच गया। चर्चित डांसर माही-मनीषा के शो में स्टेज पर चढ़कर एक युवक ने छेड़छाड़ की और जब विरोध किया गया, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर माही-मनीषा और उनके भाई के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
11 मई, रविवार को यह घटना नगर थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में हुई, जहां माही-मनीषा अपने डांस प्रोग्राम के लिए आईं थी। कार्यक्रम के दौरान कुकुरभुका गांव का युवक नीलेश कुशवाहा पैसे देने के बहाने स्टेज पर चढ़ आया और माही-मनीषा से छेड़छाड़ करने लगा। जब माही ने इसका विरोध किया, तो युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर माही-मनीषा और उनके भाई कुश झा की जमकर पिटाई की। बीच-बचाव करने आए बाउंसरों को भी युवक और उसके साथी पीटने लगे।
घटना के बाद घायल माही-मनीषा और उनके भाई कुश झा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद माही-मनीषा ने नगर थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नगर थाने की पुलिस ने उनके आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि पुलिस एफआईआर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।