तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली किसान की जान, खेत से लौटते समय हादसा

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
मुंगेर जिले के तारापुर-संग्रामपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बिहमा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान सुधीर सिंह (उम्र लगभग 50 वर्ष) की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब वे खेत से सब्जी तोड़कर साइकिल से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही किसान सुधीर सिंह मुख्य सड़क से अपने घर की ओर मुड़े, तारापुर की दिशा से तेज गति में आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित रूप से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर दरोगा अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक तथा वाहन मालिक की पहचान की जा रही है। मृतक सुधीर सिंह अपने पीछे पत्नी गीता देवी, दो बेटे संदीप कुमार और सज्जन कुमार, और एक बेटी सुजाता कुमारी को छोड़ गए हैं। किसान की असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है।

Share This Article