NCB ने सुपौल में जब्त किया 18 क्विंटल गांजा

बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

सुपौल। जिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत बाजार में करोड़ों रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित भक्तियाही थाना क्षेत्र में की गई, जहां मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था। इस ऑपरेशन में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन का नेतृत्व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जोनल डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने किया। मामले की जांच जारी है, और अन्य तस्करों को पकड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं। ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि इस गांजा तस्करी के तार पड़ोसी राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। वहीं NCB अधिकारियों की मानें तो बिहार में शराब बंदी के बाद से गांजा तस्करी में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब्त गांजे की खेप नेपाल से तस्करी कर बिहार लायी गयी है।

बता दें कि अभी गिरफ्तार तस्करों से पूछ-ताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने तस्करों से मिली जानकारी के अनुसार बाकी के फरार तस्करों पर भी नकेल कसने की तैयारी कर ली है। NCB के अनुसार अब तक तस्कर गिरोह के सरगना का पता नहीं चल सका है। NCB अधिकारी प्राथमिकी दर्ज कर फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रहे हैं।

पिछले महीने भी मिली थी गांजे की बड़ी खेप

ज्ञात हो कि जनवरी 2025 के पहले सप्ताह में ही सुपौल जिले के कुनौली में एसएसबी ने गांजे की बड़ी खेप बरामद की थी। एसएसबी की 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया था कि बरामद गांजे का वजन 672.250 किलोग्राम है। उन्होंने बताया था कि सुपौल जिले के कुनौली थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा के पास एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने बॉर्डर पिलर नंबर 221/1 के पास से 672.250 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। हालांकि, मामले में कोई तस्कर एसएसबी टीम के हाथ नहीं लगा था। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी पर कार्रवाई करते हुए नाका दल ने वासुदेव घाट के पास से गांजे के 24 सीलबंद पैकेट बरामद किये थे।

Share This Article