सिटी पोस्ट लाइव
जमुई : जमुई के झाझा थाना क्षेत्र स्थित दादपुर हॉल्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान करहरा निवासी मोहन यादव के रूप में हुई है, जो अपने रिश्तेदार अशोक यादव (लोहजारा निवासी) के साथ बाइक से खैरा जा रहे थे। दोनों मोहन यादव की भतीजी का रिश्ता तय करने निकले थे। इसी दौरान दादपुर हॉल्ट के पास एक बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मोहन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक यादव को गंभीर हालत में झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही झाझा थाना के एएसआई मुकेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।