सिटी पोस्ट लाइव
पटना-गया मार्ग पर शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में दरियावां-हिलसा हिल्स स्टेट हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी मृतक और घायल एक ही ऑटो-रिक्शा में सवार थे। यह दुर्घटना आज सुबह हुई जब सभी लोग नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेरी मलमा गांव से फतुहां में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, अल्ट्राटेक फैक्ट्री के पास उनके ऑटो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल पर ही 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। सभी एक ही गांव के रहने वाले थे, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क अक्सर दुर्घटनाओं का गवाह बनती है और यहां सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं।